वाराणसी। IPL पर सट्टेबाजी का गंदा खेल, पुलिस के ‘चक्रव्यूह’ में फंसे 4 आरोपी, मोबाइल से करते थे संचालन।

वाराणसी: आईपीएल शुरू होने के बाद अब सट्टेबाजों का खेल भी शुरू हो चुका है। ऐसे में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी की जा रही है। इसी को लेकर वाराणसी की कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहां कैंट थाना क्षेत्र में स्थित एक फ्लैट से पुलिस और एसओजी-2 की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से मोबाइल फोन व नकदी बरामद हुई है।

टैगोर टाउन से हुई गिरफ्तारी

आईपीएल का खेल शुरू होने के साथ ही सट्टेबाजी का बाजार भी गर्म हो चुका है। इसी कड़ी में ऑपरेशन ‘चक्रव्यूह’ के तहत कैंट थाने की पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए मुखबिर की सूचना पर अर्दली बाजार स्थित टैगोर टाउन में दबिश दी। बताया जा रहा है कि यहां चार लोग आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

ये लोग पकड़े गए

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय राय, मृणाल सिंह, अभिषेक सिंह और विश्वजीत उर्फ सानू के रूप में हुई है।सभी आरोपी वाराणसी के ही रहने वाले हैं और अलग-अलग इलाकों से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आईपीएल के होने वाले मैचों पर दाव लगा रहे थे और अवैध तरीके से पैसे का लेनदेन भी कर रहे थे।

जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

पकड़े गए आरोपियों के पास से 3070 रुपए नकद और 5 एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में जुआ अधिनियम 1867 की धारा 3/4 के तहत मुकदमा का दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। सट्टे बाजी के खिलाफ की गई कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा, चौकी प्रभारी अर्दली बाजार उमाशंकर, एसओजी-2 के उप निरीक्षक अभिषेक पांडे सहित कई पुलिस कर्मियों की टीम शामिल रही।

क्या बोले थानाध्यक्ष

थाना अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस लगातार अपराधियों पर नकल करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है। इसी दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी की सूचना पुलिस को मुखबिर के जरिए मिली थी। सूचना के आधार पर दबिश दिए जाने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस तरह के अवैध कारोबार में जो भी लोग संलिप्त होंगे उनके खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *