
वाराणसी में देश की पहली हाइड्रोजन जलयान का संचालन बृहस्पतिवार से गंगा में शुरू हुआ। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने काशी के नमो घाट से जलयान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही जलयान पर सवार होकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक गए। हाइड्रोजन जलयान का किराया और बुकिंग का विकल्प अभी तक नहीं दिया गया है। जल्द ही आम लोगों को इस सेवा का लाभ मिलने लगेगा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत स्वच्छ, टिकाऊ और आत्मनिर्भर परिवहन प्रणालियों की ओर एक परिवर्तनकारी बदलाव देख रहा है। हमारे पहले स्वदेशी हाइड्रोजन ईंधन चालित जलयान का शुभारंभ प्रधानमंत्री के इस दृष्टिकोण का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
आईडब्ल्यूएआई के अधिकारियों के मुताबिक गंगा में पहली बार हाइड्रोजन जलयान चलाई जा रही है। इसमें एक साथ 50 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। जलयान में पांच हाइड्रोजन सिलिंडर लगेंगे। इसकी रफ्तार 12 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। विकल्प के तौर पर 3 किलोवाट के सोलर पैनल भी लगाए गए हैं। ईंधन रीफिलिंग के लिए चार स्टेशन बनाए जाएंगे।