वाराणसी।महावीर मंदिर मार्ग स्थित इंफिनिटी केयर हॉस्पिटल में कथित चिकित्सकीय लापरवाही के चलते एक मरीज की मौत का मामला सामने आया है। चोलापुर थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव निवासी कमलेश सिंह (47) हर्निया का ऑपरेशन कराने के बाद शुक्रवार को अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए थे। परिजनों के अनुसार शनिवार देर शाम अचानक उनकी हालत बिगड़ गई, जिस पर उन्हें दोबारा इंफिनिटी केयर हॉस्पिटल लाया गया, जहां कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बावजूद मरीज को समय रहते चिकित्सकीय सहायता नहीं दी गई। डॉक्टरों और स्टाफ की लापरवाही के कारण ही कमलेश सिंह की जान गई। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना पर कैंट पुलिस प्रभारी शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित कराया। पुलिस ने परिजनों से तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है और परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
