शाहजहांपुर कांट।
मरेना गांव स्थित सेंटर से गन्ना लादकर रोजा चीनी मिल जा रहा ट्रक शनिवार को ककराही गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक के नीचे दबकर आठ पशु फंस गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद गन्ना हटाकर दो पशुओं को जीवित बाहर निकाल लिया, लेकिन दुर्विजय पाल की तीन भैंस और आशाराम की तीन भैंस दबकर मर गईं।
पीड़ित ग्रामीणों के पास अपनी जमीन नहीं है और वह पशुपालन के सहारे ही परिवार का भरण–पोषण करते थे। हादसे से उनका बड़ा आर्थिक नुकसान हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक में गन्ना ओवरलोड होने के कारण वह पलट गया।
घटना के समय मौजूद ग्रामीणों ने गुस्से में आकर ट्रक चालक की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
