प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग ने जो भी कार्य किया है, उसे भाजपा धरातल तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कोई नई प्रक्रिया नहीं है, यह समय-समय पर होती रही है और इसे सरकार नहीं बल्कि स्वतंत्र रूप से चुनाव आयोग द्वारा कराया जा रहा है।
मनरेगा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मनरेगा में भ्रष्टाचार की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने इसमें जो कमियां थीं, उन्हें दूर किया है और पारदर्शिता सुनिश्चित की है।
बजट पर बोलते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि इस बार भी सरकार का बजट आम जनता को समर्पित होगा। बजट में गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
समाजवादी पार्टी द्वारा PDA पंचांग जारी किए जाने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले सपा यह तय करे कि PDA का असली अर्थ क्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा खुद PDA को लेकर कन्फ्यूज है, जबकि भाजपा सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहता है। पार्टी संगठन पूरी तरह मजबूत है और किसी भी चुनावी चुनौती का सामना करने में सक्षम है।
ब्राह्मण विधायकों के सहभोज को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने साफ कहा कि भाजपा किसी एक जाति की नहीं, बल्कि सर्व समाज की पार्टी है। भाजपा समाज के हर वर्ग को जोड़कर विकास की राजनीति करती है।
प्रदेश अध्यक्ष के इस पहले काशी दौरे और उनके बयानों को आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।