डीडीयू मंडल एवं चंदौली जिला प्रशासन के बीच प्रथम समन्वय बैठक आयोजित।

पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल, पूर्व मध्य रेल और चंदौली जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल एवं सहयोग स्थापित करने के उद्देश्य से प्रथम समन्वय बैठक का सफल आयोजन किया गया। यह बैठक डीडीयू मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई।

बैठक में डीडीयू मंडल के विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी तथा चंदौली जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम (जे)/अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, पीडीडीयू नगर श्री राजीव मोहन सक्सेना, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी श्री बाल गोविन्द जी, तथा नगरपालिका पीडीडीयू नगर के एसएफआई श्री शत्रुंजय कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे। दोनों पक्षों ने रेल क्षेत्र में सुगमता, सुरक्षा तथा आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों और स्थानीय निवासियों की सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य रेल क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों से जुड़े मुद्दों पर आपसी समझ बढ़ाना तथा बेहतर प्रबंधन के लिए संयुक्त प्रयास सुनिश्चित करना था।

बैठक के दौरान रेलवे के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। डीडीयू जंक्शन पर प्रवेश-निकास की सुविधाओं को और सुगम बनाने पर बातचीत हुई, जहां संकीर्ण प्रवेश द्वार तथा गैर-यात्रियों द्वारा अवरोध से यात्रियों को असुविधा होती है। स्टेशन की पहुंच सुविधा को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई, जिसमें मुख्य सड़क पर स्पष्ट बोर्ड या साइनेज लगाने के सुझाव शामिल हैं ताकि यात्रियों को स्टेशन की मौजूदगी आसानी से पता चल सके। रेलवे क्षेत्र एवं भूमि पर अतिक्रमण तथा अनधिकृत निर्माण संबंधी मुद्दों पर चर्चा हुई, जिससे रेलवे संपत्ति की सुरक्षा एवं उपयोगिता प्रभावित होती है। रेलवे कॉलोनियों के आसपास अनधिकृत नाली निर्माण तथा सट्टी के निकट मुख्य नाली के सफाई एवं प्रबंधन पर सुझावों का आदान-प्रदान हुआ, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारू रहे। कचरा प्रबंधन एवं डंपिंग की व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ, क्योंकि अनियंत्रित कचरा डंपिंग से स्वच्छता, स्वास्थ्य तथा रेलवे क्षेत्र की सौंदर्यता प्रभावित होती है। भारी भीड़ के समय डीडीयू जंक्शन क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सहायता उपलब्धता के लिए जिला प्रशासन से सहयोग प्राप्त करने पर भी चर्चा हुई, ताकि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित की जा सके। रेलवे क्षेत्र में आवारा पशुओं के प्रभावी प्रबंधन एवं नियंत्रण की व्यवस्थाओं पर विचार किया गया।

बैठक में दोनों पक्षों ने इन सभी विषयों पर अपने विचार साझा किए तथा भविष्य में नियमित समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *