उत्तर प्रदेश पुराना उच्च न्यायालय कैसरबाग में 22 फरवरी को मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन।

लखनऊ,

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में दिनांक 22.02.2026 को पुराना उच्च न्यायालय कैसरबाग, जनपद लखनऊ में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं माननीय कार्यपालक अध्यक्ष/वरिष्ठ न्यायमूर्ति, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त जनपदों में एक साथ किया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव श्री जीवक कुमार सिंह ने बताया कि माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ श्री मलखान सिंह के कुशल निर्देशन में उक्त शिविर का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। शिविर का उद्देश्य समाज के निर्बल एवं वंचित वर्गों को सुलभ, त्वरित और प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराना है।

शिविर की तैयारियों को लेकर मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के नोडल अधिकारी श्री रवीन्द्र कुमार द्विवेदी, विशेष न्यायाधीश, सीबीआई सेंट्रल, लखनऊ द्वारा दिनांक 05.02.2026 को सायं 4:30 बजे पुराना उच्च न्यायालय स्थित मीडियेशन सेंटर, लखनऊ में जनपद के समस्त विभागाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक आहूत की गई। बैठक में उन्होंने बताया कि शिविर में विधिक परामर्श, निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत से संबंधित जानकारी तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चे, महिलाएं, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के नागरिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव श्री जीवक कुमार सिंह ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 22 फरवरी 2026 को आयोजित मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाएं, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय एवं विधिक सहायता की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *