बनारस में बिजली का ‘स्मार्ट’ झटका: 40 हजार से ज्यादा कनेक्शन ऑटो कट, बैलेंस खत्म तो तुरंत गुल होगी बत्ती।

जनता की आवाज ✍️

वाराणसी। शहर में बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं को बड़ा झटका दिया है। स्मार्ट मीटर को पूरी तरह प्रीपेड मोड में सक्रिय किए जाने के बाद जिले में 40 हजार से अधिक बिजली कनेक्शन ऑटोमेटिक तरीके से कट गए हैं। अब प्रीपेड मोबाइल की तरह बिजली भी बैलेंस खत्म होते ही बंद हो जाएगी, जिससे कई उपभोक्ता परेशान हो गए हैं।

बताया गया है कि उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने 13 मार्च से सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पूरी तरह प्रीपेड मोड में एक्टिव कर दिया है। इसके बाद जिन उपभोक्ताओं के मीटर में बैलेंस नहीं है या बकाया है, उनके कनेक्शन अपने-आप डिस्कनेक्ट होने लगे हैं।

मुख्य अभियंता राकेश पांडेय के अनुसार पिछले दो महीनों से उपभोक्ताओं को कॉल और एसएमएस के जरिए बकाया जमा करने की सूचना दी जा रही थी, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। परिणामस्वरूप अब तक लगभग 40 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर बंद हो चुके हैं।

बिजली विभाग ने साफ किया है कि प्रीपेड मीटर को मैन्युअली चालू करने का कोई प्रावधान नहीं है। कोई अधिकारी भी इसे सीधे जोड़ नहीं सकता। बिजली दोबारा चालू कराने के लिए उपभोक्ताओं को यूपीपीसीएल स्मार्ट एप से पूरा बकाया एक साथ जमा करना होगा और कम से कम 1000 रुपये का अतिरिक्त अग्रिम रिचार्ज करना होगा।

विभाग ने यह भी बताया कि अन्य एप से भुगतान करने पर तुरंत एक्टिवेशन में दिक्कत आ सकती है, इसलिए उपभोक्ता यूपीपीसीएल के आधिकारिक एप का ही उपयोग करें।

इस व्यवस्था के लागू होने के बाद वाराणसी में कई घरों में अचानक बिजली गुल होने की शिकायतें सामने आई हैं। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नियमित रूप से मीटर का बैलेंस चेक करें और समय-समय पर रिचार्ज कराते रहें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *