
इलिया।
सुदूर वनांचल की माटी एक बार फिर युवा ऊर्जा और खेल प्रतिभा की साक्षी बनी। शहाबगंज विकासखंड के ताला गांव में युवा शक्ति वनांचल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वॉलीबॉल, दौड़ एवं रस्साकसी प्रतियोगिता का समापन प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने उत्साहपूर्ण वातावरण में किया।
समापन अवसर पर मैदान तालियों की गड़गड़ाहट और खिलाड़ियों के जोश से गूंज उठा। मंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को अपने हाथों से मेडल पहनाकर एवं स्पोर्ट्स सूट प्रदान कर सम्मानित किया। पंडित बच्चन जी महाविद्यालय की प्रथम स्थान प्राप्त छात्राओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल की बेटियां आज खेल के हर मंच पर परचम लहरा रही हैं।
अपने संबोधन में मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार खेलों को नई दिशा देने के लिए संकल्पित है। ओलंपिक, एशियाई एवं कॉमनवेल्थ खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी और आकर्षक पुरस्कार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने विश्व चैंपियन खिलाड़ी पारुल चौधरी का उदाहरण देते हुए बताया कि सरकार ने उन्हें तीन करोड़ रुपये की धनराशि और डीएसपी पद देकर खिलाड़ियों के सम्मान को नई ऊंचाई दी है।
मंत्री ने नई खेल नीति-2023 का उल्लेख करते हुए कहा कि चिन्हित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश में स्पोर्ट्स कॉलेज, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और इंजरी सेंटर की स्थापना हो रही है। लखनऊ में आधुनिक इंजरी सेंटर का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे खिलाड़ियों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों की ओर नहीं देखना पड़ेगा। एकलव्य कोष के माध्यम से खिलाड़ियों के प्रशिक्षण व अन्य खर्चों का वहन सरकार स्वयं करेगी।
उन्होंने बताया कि मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर स्थापित खेल विश्वविद्यालय प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेजों को नई दिशा देगा। सरकार खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में गंभीरता से कार्य कर रही है, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को अवसरों का विस्तृत आकाश मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने स्वयं वॉलीबॉल उछालकर प्रतियोगिता का औपचारिक समापन किया। इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, युवा कल्याण के पूर्व प्रदेश सचिव एवं वृक्ष बंधु परशुराम सिंह, ग्राम प्रधान नारायण यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन संतोष यादव ने किया।