
वाराणसी। थाना लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए रामजानकीपुरम लमही क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया, जिनके पास से चोरी गए आभूषण, नकदी और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के नेतृत्व में ऑपरेशन चक्रव्यूह के अंतर्गत मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दीपक पटेल (पुत्र महेंद्र पटेल, निवासी बड़ा लालपुर स्टेडियम के पास, थाना शिवपुर), अभिषेक राजभर (पुत्र अशोक राजभर, निवासी लमही पोखरे के पास), आयुष उर्फ लड्डू (पुत्र दिनेश विश्वकर्मा, निवासी हाशिमपुर) और मनोज पटेल (पुत्र शोभनाथ, निवासी मढ़वा, सभी थाना लालपुर पाण्डेयपुर क्षेत्र के) के रूप में हुई है। इनकी गिरफ्तारी 8 जनवरी 2026 को रात करीब 11:20 बजे परशुरामपुर चौराहे के पास से की गई।
अभियुक्तों के कब्जे से बरामद सामान में 4 पीली धातु के कंगन, 2 पीली धातु के झुमके, 1 पीली धातु की लक्ष्मी-नारायण व शेषनाग की मूर्ति, 6 सफेद धातु के सिक्के, 1 सफेद धातु की मछली, 1 सफेद धातु का चम्मच, 5 जोड़ी सफेद धातु के पायल, 21 सफेद धातु की बिछियां, 1870 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल शामिल है।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 3 जनवरी 2026 को जानकीपुरम लमही निवासी पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 दिसंबर 2025 को परिवार सहित पैतृक निवास गए थे। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और नकदी, सामान व आभूषण चोरी हो चुके थे। इस पर मुकदमा नंबर 0004/26 धारा 331(4), 305(a) बीएनएस दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना उ0नि0 प्रभाकर सिंह कर रहे हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।