
वाराणसी। आर्यभट्टा ट्यूटोरियल्स एवं देव डांस स्टूडियो के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वार्षिक क्रिसमस फेस्ट 2025 उत्साह, रचनात्मकता और सकारात्मक ऊर्जा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में देव डांस स्टूडियो के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कथक एवं वेस्टर्न डांस की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। साथ ही जीके क्विज़ प्रतियोगिता (बज़र राउंड) का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। मनोरंजन के लिए लेमन रेस और म्यूज़िकल चेयर जैसे रोचक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक अजय पाठक एवं शिवानी श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पिछले 15 वर्षों से शिक्षा एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में कार्यरत हैं और उनका उद्देश्य विद्यार्थियों में मजबूत चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास तथा वास्तविक जीवन के सफलता मंत्रों का विकास करना है। देव डांस स्टूडियो में नृत्य को मानसिक, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास का सशक्त माध्यम मानते हुए कथक और वेस्टर्न डांस की नियमित कक्षाएं संचालित की जाती हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि डॉ. रागिनी द्विवेदी, प्राचार्या, जनता इंटर कॉलेज ने की। उन्होंने इस आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुलिका मोहन सहाय, वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव तथा Ankur IVF एवं Reflections की संचालिका डॉ. संध्या मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कुल मिलाकर यह आयोजन सकारात्मक, उज्ज्वल एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों के मन में सीख, प्रेरणा और आनंद की अमिट छाप छोड़ी।