प्रेस वार्ता में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए पिंडरा से बीजेपी विधायक अवधेश सिंह ने यूजीसी के नए नियमों को लेकर अपनी अनभिज्ञता जाहिर की। उन्होंने कहा,
“हमें यूजीसी नियम के बारे में नहीं पता। आप ही लोग बता दीजिए कि यूजीसी का नियम क्या है।”
उनके इस बयान के बाद छात्र संगठनों और शिक्षाविदों में नाराज़गी देखने को मिली।
छात्रों के धरना-प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए विधायक अवधेश सिंह ने कहा,
“अगर पिंडरा के लोग धरने पर हैं तो कहिए कि हमसे मिलें। क्या हमसे पूछकर लोग धरने पर बैठे हैं?”
इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि यदि यूजीसी का नियम लागू हो चुका है तो उसे दिखाया जाए।
विधायक के इन बयानों को छात्रों के आंदोलन को हल्के में लेने और जिम्मेदारी से बचने के रूप में देखा जा रहा है। छात्र संगठनों का कहना है कि यूजीसी के नए नियम उच्च शिक्षा व्यवस्था, नियुक्तियों और छात्रों के भविष्य को सीधे प्रभावित करते हैं, इसलिए विरोध पूरी तरह जायज़ है।
छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद विधायक न तो यूजीसी नियमों की जानकारी रखते हैं और न ही छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से समझ रहे हैं। इस बयान के बाद वाराणसी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और विपक्षी दलों ने भी बीजेपी विधायक पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
फिलहाल यूजीसी नियमों को लेकर छात्रों का विरोध जारी है और सर्किट हाउस में दी गई इस प्रेस वार्ता के बाद विधायक अवधेश सिंह के बयान ने आंदोलन को और तेज कर दिया है।