
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश का पहला राज्य विश्वविद्यालय बन गया है जिसने ब्रेल पुस्तकों का एक सुव्यवस्थित पुस्तकालय स्थापित किया है।
यह ब्रेल पुस्तकालय लुई ब्रेल की जयंती के अवसर पर दृष्टि दिव्यांगों को शिक्षा का एक अनुपम उपहार है, जो उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में मदद करेगा।
पुस्तकालय में विश्वविद्यालय के ब्रेल प्रेस द्वारा प्रकाशित स्नातक और परास्नातक स्तर के 54 पाठ्यक्रमों पर आधारित राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप 4000 अकादमिक ब्रेल पुस्तकें उपलब्ध हैं।
150 से अधिक पाठकों की क्षमता वाला एक विशाल वाचनालय भी तैयार किया गया है, जो अध्ययन के लिए शांत और अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समावेशी शिक्षा की नीति के तहत, दृष्टि दिव्यांग विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होने और आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया है ताकि वे डिजिटल युग की चुनौतियों का सामना कर सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की “सबको शिक्षा” की भावना के अनुरूप, यह ब्रेल पुस्तकालय केवल विश्वविद्यालय के छात्रों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बाहरी दृष्टि दिव्यांग व्यक्ति भी सदस्यता ग्रहण कर इसका लाभ उठा सकेंगे।
विशेष, आकस्मिक और कॉर्पोरेट सदस्यता की व्यवस्था की गई है, जिससे विद्वानों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, लखनऊ के निवासियों और संगठनों को भी पुस्तकालय संसाधनों तक पहुँच मिल सकेगी।
वर्तमान वित्तीय वर्ष में ब्रेल पुस्तकों की संख्या को बढ़ाकर 10 हजार करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें शैक्षणिक पुस्तकों के अतिरिक्त उपन्यास, नाटक और महापुरुषों की जीवनियाँ भी शामिल होंगी।
इस पहल पर दृष्टि दिव्यांग विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है