वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की मिली धमकी, कचहरी परिसर को कराया गया खाली।

वाराणसी में शुक्रवार को कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक देर रात करीब 1:30 बजे जिला जज संजीव शुक्ला के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। मामले को गंभीर मानते हुए जिला जज ने तुरंत कचहरी परिसर खाली कराने का अनुरोध किया, जिसके बाद वकीलों और कर्मचारियों को बाहर निकालकर पुलिस ने सघन जांच शुरू कर दी।

सुबह जैसे ही यह सूचना सार्वजनिक हुई, कचहरी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुराने हादसों की यादें ताजा होने से वकीलों और कर्मचारियों में चिंता बढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की।

मामले की जानकारी सेंट्रल बार अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने दी। उन्होंने वकीलों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियां न केवल वकीलों बल्कि न्यायालय आने वाले आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं।

जिला जज ने घटना की जानकारी प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को दे दी है। सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात करने और परिसर में निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। घटना के बाद एक बार फिर कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *