वाराणसी ।खसरा-रूबेला (एम.आर.) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ।

कंपोजिट विद्यालय शिवपुर में 71 बच्चों को अतिरिक्त खुराक लगाकर किया गया शुभारंभ
वाराणसी,16 फरवरी 2026
जनपद में खसरा-रूबेला (एम.आर.) उन्मूलन हेतु विशेष टीकाकरण अभियान के अंतर्गत सोमवार को कंपोजिट विद्यालय शिवपुर में विद्यालय आधारित सत्र का शुभारंभ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस एस कन्नौजिया द्वारा किया गया।
अभियान के प्रथम दिवस स्टाफ नर्स चंद्र मोहन प्रसाद एवं चंदा कुमारी द्वारा कुल 71 बच्चों को एम.आर. टीके की अतिरिक्त खुराक प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री पंकज कुमार, सहयोगी अध्यापिका मधु सिंह एवं लीलावती देवी उपस्थित रहीं तथा उन्होंने अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग दिया।


इस अवसर पर वाराणसी जिले में सामाजिक कार्य कर रही संस्था इनर व्हील क्लब की अध्यक्षा इशा अग्रवाल द्वारा एम.आर. अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु स्वास्थ्य विभाग को 100 बैनर सहयोग स्वरूप प्रदान किए गए। इस सहयोग के लिए स्वास्थ्य विभाग ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि यह अभियान 16 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक के सभी सरकारी, निजी एवं मदरसा विद्यालयों के बच्चों को अतिरिक्त एम.आर. टीका लगाया जा रहा है, ताकि खसरा एवं रूबेला उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे बच्चों का टीकाकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें और इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर जेएसआई से प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शाहिद, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर मणिशंकर एवं गुरदीप कौर, तथा यूनिसेफ से प्रदीप विश्वकर्मा एवं आलोक राय उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *