भोजपुरी सिंगर रितेश पांडेय से 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, जान से मारने की धमकी; वाराणसी में FIR।

वाराणसी। भोजपुरी गायक और अभिनेता रितेश पांडेय से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। रितेश पांडेय की शिकायत पर वाराणसी के सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 18 सितंबर 2026 को बुलबुल यादव और उसके एक अज्ञात साथी ने कथित तौर पर रितेश पांडेय को फोन किया। आरोप है कि फोन पर गाली-गलौज करते हुए उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।

शिकायत के अनुसार, जब रितेश पांडेय ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। घटना के बाद रितेश पांडेय ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा।

सारनाथ पुलिस ने शिकायत के आधार पर बुलबुल यादव और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना सब-इंस्पेक्टर शिव नारायण को सौंपी गई है।

पुलिस आरोपी और उसके साथी की पहचान के साथ ही घटना में इस्तेमाल फोन नंबर समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *