
वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने करीब 12.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बाबूलाल चौरसिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 74 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद की है। मामले के खुलासे में पुलिस टीम ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपी की पहचान हो सकी।
जानकारी के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 की रात परेड कोठी निवासी अविनाश प्रताप सिंह अपनी पत्नी और साथी के साथ घर लौट रहे थे। कैंट रोडवेज बस स्टैंड के सामने पिलर नंबर 42 के पास बाइक सवार युवकों से वाहन का शीशा छू जाने को लेकर कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। इसी दौरान अविनाश के गले में पहनी सोने की चेन टूटकर सड़क पर गिर गई।
आरोप है कि इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाबूलाल चौरसिया ने चेन उठा ली और मौके से निकल गया। घटना की शिकायत मिलने के बाद सिगरा पुलिस ने जांच शुरू की। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र और रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह की टीम ने घटनास्थल से लेकर संदिग्ध के संभावित रास्ते तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
बैंक में गिरवी रखकर लिया 8 लाख का लोन
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने चोरी की गई सोने की चेन को पुश्तैनी जेवर बताकर बैंक में गिरवी रखा और करीब 8 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया। पुलिस ने बैंक की प्रक्रिया पूरी कराकर चेन को बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र, रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह समेत सिगरा पुलिस और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस टीम की कार्रवाई पर 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।
समाचार आजकल