
वाराणसी। बिरदोपुर वार्ड में वर्षों से चली आ रही सीवर और पेयजल की समस्या के समाधान की दिशा में अब जमीनी स्तर पर काम शुरू हो गया है। बीते दिन भूमि पूजन के बाद आज से वार्ड में सीवर लाइन और पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया।
इस परियोजना का भूमि पूजन वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी ने किया था। पार्षद सीमा वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के बाद अब कार्य को गति दे दी गई है। मौके पर काम शुरू होने से स्थानीय लोगों में भी उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने बताया कि इस पूरे कार्य को पूरा होने में लगभग 7 से 8 महीने का समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि भूमि पूजन के तुरंत बाद काम शुरू होना इस बात को दर्शाता है कि परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
मनीष मिश्रा ने कहा कि “ट्रिपल इंजन की सरकार में जिस काम का भूमि पूजन हुआ, उसका कार्य अगले ही दिन शुरू हो गया है। काम तेजी से कराया जाएगा और परियोजना पूरी होने के बाद जनता को कई वर्षों तक सीवर और पेयजल की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।”
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ स्थानों पर सड़क की खुदाई और आवागमन में अस्थायी परेशानी हो सकती है। इसके बावजूद क्षेत्र के लोगों से विकास कार्य में सहयोग करने की अपील की गई है।
बिरदोपुर में काम शुरू होने के साथ ही अब लोगों की नजर परियोजना की समयसीमा और गुणवत्ता पर है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि कार्य निर्धारित समय में पूरा होने के बाद वार्ड की वर्षों पुरानी सीवर और पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।