अयोध्याधाम श्रीराम मंदिर शिखर पर धर्म ध्वजारोहण के उपलक्ष्य में अस्सी घाट पर भव्य आयोजन
अयोध्याधाम स्थित श्रीराम मंदिर के शिखर पर सम्पन्न हुए ऐतिहासिक धर्म ध्वजारोहण के पावन उपलक्ष्य में, वाराणसी के पवित्र अस्सी घाट पर ब्रह्म राष्ट्र एकम् विश्व महासंघ न्यास एवं मां गंगा सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में श्रीकुल पीठाधीश्वर डॉ. सचिंद्रनाथ महाराज जी द्वारा निर्मित श्रीराम मंदिर के प्रतीकात्मक मॉडल पर धर्म ध्वजा का पूजन कर उसे विधिवत् स्थापित किया गया। इस पुण्य अवसर पर संपूर्ण घाट धार्मिक उत्साह और भक्ति के रंग में रंग उठा।
गंगा आरती एवं दीपोत्सव ने बढ़ाई भव्यता
मां गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष बलराम मिश्र, संयोजक श्रवण मिश्र, और विकास शुक्ला के नेतृत्व में गंगा आर्चक दल द्वारा मां गंगा की महाआरती एवं श्रीराम मंदिर के प्रतीकात्मक मॉडल की विशेष आरती संपन्न हुई। दिव्य मंत्रोच्चार और शंखनाद से सम्पूर्ण घाट गूंज उठा।
5000 दीपों से सजी दिव्य राममय वेला
ब्रह्म राष्ट्र एकम् के युवा अध्यक्ष कुशाग्र मिश्रा तथा उनके सहयोगी संतोष कश्यप, संतोष राजू, राजभर, अभिषेक पांडे आदि ने मिलकर 5000 दीपों की सजावट से घाट को अद्भुत और मोहक स्वरूप प्रदान किया। दीपों की रौशनी में श्रीरामभक्ति का उत्कृष्ट भाव प्रस्फुटित हुआ।
संस्थापक अध्यक्ष का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्म राष्ट्र एकम् के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सचिंद्रनाथ महाराज ने कहा कि—
“अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजारोहण सनातन धर्म जागरण का महत्वपूर्ण आयाम है। यह आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं की ओर उन्मुख करने वाला प्रेरणादायी क्षण है।”
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, उत्साह का माहौल
कार्यक्रम में ब्रह्म राष्ट्र एकम् के न्यासी रवींद्रनाथ मिश्रा, श्रीकुल पीठ के महंत भैरवानंद जी महाराज, तथा अस्सी घाट पर उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक उल्लास के साथ सहभागिता की और इस दिव्य अवसर का आनंद लिया।
श्रीराम की भक्ति, गंगा की आराधना और दीपोत्सव की छटा से सुसज्जित यह कार्यक्रम वाराणसी के अस्सी घाट पर सदैव स्मरणीय रहेगा।
