
वाराणसी। चेतगंज पुलिस ने टीजीटी परीक्षा में अभ्यर्थियों के स्थान पर साल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले गिरोह के दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसीपी चेतगंज एवं थाना प्रभारी चेतगंज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना एवं सर्विलांस सेल की सहायता से पुलिस टीम ने चौकाघाट क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में धीरेन्द्र कुमार (31 वर्ष), पुत्र स्व. हरदेव, निवासी जनपद बलिया तथा गिरिजा शंकर (41 वर्ष), पुत्र रामनाथ, निवासी जनपद बलिया शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त टीजीटी अभ्यर्थियों के स्थान पर साल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले गिरोह से जुड़े हुए हैं और काफी समय से वांछित चल रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी चेतगंज विजय कुमार शुक्ला, चौकी प्रभारी लहुराबीर विकल शाण्डिल्य, चौकी प्रभारी चेतगंज वैभव शुक्ला, कांस्टेबल रितिक राज, अनुज कुमार, प्रशान्त तिवारी तथा सर्विलांस सेल के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
उपशीर्षक:
मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से चौकाघाट से हुई गिरफ्तारी, मोबाइल फोन व दस्तावेज बरामद