
चंदौली, 22 जून 2026। गंगा नदी के तटीय क्षेत्रों में हो रहे भू-कटान को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को गुरैनी पंप कैनाल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा तट पर चल रहे कटान-रोधी एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गंगा नदी से हो रहे कटान की स्थिति का अवलोकन किया तथा मौके पर मौजूद अभियंताओं से कार्यों की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मानसून के मद्देनजर कटान-रोधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा तट पर हो रहे कटान को रोकने के लिए सभी सुरक्षात्मक और मरम्मत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, जिससे किसानों की कृषि भूमि और ग्रामीणों की संपत्तियों को सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने अधिशासी अभियंता, चंद्रप्रभा बंधी प्रखंड को निर्देश दिया कि गंगा तट के स्थायी संरक्षण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शीघ्र शासन को भेजी जाए, ताकि क्षेत्र को कटान की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उनकी भूमि और फसलों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा बाढ़ और कटान जैसी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान किसान नेता दीनानाथ श्रीवास्तव ने स्थानीय किसानों की समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। मौके पर अधिशासी अभियंता बंधी प्रखंड, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।