डीडीयू मंडल में महिला स्वास्थ्य को बढ़ावा, दो स्थानों पर सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों का लोकार्पण.

रेलवे इंटर कॉलेज में छात्राओं को वितरित किए गए सेनेटरी पैड, मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित.

पं. दीन दयाल उपाध्याय नगर, । पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा सोमवार को महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो स्थानों पर सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण एवं “मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता” विषय पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती चित्रा सिंह ने किया। पहली सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन का लोकार्पण ईस्ट सेंट्रल रेलवे इंटर कॉलेज में किया गया, जिससे विद्यालय की छात्राओं और महिला कर्मचारियों को आवश्यकता पड़ने पर स्वच्छ एवं सुरक्षित सेनेटरी नैपकिन आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। इस अवसर पर कक्षा 8 से 12 तक की 160 छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए।

इसके बाद आयोजित जागरूकता संगोष्ठी में मंडल रेल अस्पताल की डॉ. स्वाति ने छात्राओं और महिला शिक्षिकाओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, संक्रमण से बचाव तथा मासिक धर्म से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों के बारे में वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 स्थित महिला उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय में दूसरी सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन का लोकार्पण किया गया। इससे महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान सेनेटरी नैपकिन की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

अपने संबोधन में श्रीमती चित्रा सिंह ने कहा कि मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता महिलाओं के स्वास्थ्य, गरिमा और आत्मसम्मान से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि वेंडिंग मशीनों की स्थापना और जागरूकता अभियान छात्राओं, महिला कर्मचारियों और महिला यात्रियों के स्वास्थ्य, सुविधा एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही उन्होंने समाज से मासिक धर्म से जुड़े संकोच और भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संगठन की उपाध्यक्ष श्रीमती दीपिका, सचिव श्रीमती शालिनी भूषण, कोषाध्यक्ष श्रीमती प्रियांशु यादव सहित श्रीमती मीता नारी, श्रीमती सोमा चटर्जी, श्रीमती कंचन पाण्डेय, श्रीमती आरती, श्रीमती दुर्गेश्वरी एवं संगठन की अन्य सदस्याएँ उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *