खेत से मोटर और टुल्लू पम्प चोरी का खुलासा, बड़ागांव पुलिस ने आरोपी को दबोचा।

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना बड़ागांव पुलिस ने खेत में बने कमरे से विद्युत मोटर और टुल्लू पम्प चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 5 एचपी की विद्युत मोटर, 0.5 एचपी (उषा कंपनी) का टुल्लू पम्प तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर दल्लीपुर नहर के पास से शिवम पुत्र सुरेन्द्र कुमार पटेल (22 वर्ष), निवासी सभईपुर, थाना शिवपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज चोरी के मुकदमे में कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बेदी गांव स्थित उनके खेत में बने कमरे का ताला तोड़कर 5 एचपी की विद्युत मोटर और टुल्लू पम्प चोरी कर लिया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।

कॉपर निकालकर बेचने की थी योजना

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोटर और टुल्लू पम्प चोरी कर दल्लीपुर नहर के पास छिपा दिया था। उसका इरादा मोटर में लगी तांबे (कॉपर) की वाइंडिंग निकालकर बेचने और उससे आर्थिक लाभ कमाने का था। घटना वाले दिन वह चोरी का सामान मोटरसाइकिल से शहर में बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल का धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान करते हुए आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *