वाराणसी: मंडुआडीह के समाजसेवी दयाशंकर गुप्ता समर्थकों संग कांग्रेस में शामिल, बोले- राहुल गांधी के नेतृत्व में देश को मिलेगी नई दिशा।

वाराणसी। मंडुआडीह बाजार के प्रबुद्ध समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित व्यापारी दयाशंकर गुप्ता ने अपने दर्जनों समर्थकों और व्यापारियों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की नीतियों में आस्था जताते हुए पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

दयाशंकर गुप्ता ने कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे से मुलाकात कर पार्टी की सदस्यता ली। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के संगठनात्मक कार्यों और जनसंघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है।

सदस्यता ग्रहण करने के बाद दयाशंकर गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी की जनसेवा, त्याग और देशहित की विचारधारा से प्रेरित होकर उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि देश को नई दिशा देने के लिए कांग्रेस को मजबूत करना जरूरी है और वे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प के साथ तन-मन-धन से पार्टी के लिए कार्य करेंगे।

दयाशंकर गुप्ता मंडुआडीह बाजार के सम्मानित व्यापारी और सक्रिय समाजसेवी के रूप में जाने जाते हैं। वे लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहते हैं। इससे पहले वे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।

इस अवसर पर मंडुआडीह व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शंभूनाथ यादव, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, डॉ. करण सिंह, दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, व्यापारी और समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *