
वाराणसी। समाजवादी पार्टी की ओर से अजगरा और कैंट विधानसभा क्षेत्र में पीडीए जनपंचायत कार्यक्रम आयोजित किया गया। अजगरा विधानसभा का कार्यक्रम हरिहरपुर स्थित द वेडिंग लॉन और कैंट विधानसभा का कार्यक्रम पराड़कर स्मृति भवन सभागार, गोलघर मैदागिन में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा रहे। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “सामंती और अपराधी के सामने भाजपा सरकार की पुलिस नतमस्तक है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है और पीडीए वर्ग के लोगों के साथ अन्याय और उत्पीड़न बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा सरकार सत्ता से नहीं हटेगी, तब तक पीडीए वर्ग को न्याय नहीं मिलेगा।
विश्वकर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने विश्वकर्मा समाज को राजनीतिक और सामाजिक सम्मान दिलाने का काम किया। उनके मुताबिक, सपा सरकार में विश्वकर्मा समाज को राजनीतिक हिस्सेदारी देने के साथ रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भगवान विश्वकर्मा पूजा दिवस का सार्वजनिक अवकाश समाप्त कर समाज की भावनाओं का अपमान किया है।
उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों, नौजवानों, पिछड़ों तथा दलितों के उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की बात करती है, लेकिन अपराध, दुष्कर्म, हत्या और जमीनों पर कब्जे जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
पूर्व मंत्री ने विंध्य एक्सप्रेस-वे के निर्माण का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में निर्माण के नाम पर जंगलों और पेड़ों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है तथा आदिवासी, वनवासी, बियार, बिंद, दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों की जमीनों और मकानों को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और गरीबों की जमीन बचाने के लिए भाजपा सरकार को हटाने की अपील की।
नौकरी और आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में छात्रों और नौजवानों के सामने रोजगार का संकट है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक और परीक्षाओं के निरस्त होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही उन्होंने पिछड़े और दलित वर्ग के आरक्षण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा, आरक्षण और रोजगार लोगों का अधिकार है।
विश्वकर्मा ने संविधान और लोकतंत्र का मुद्दा उठाते हुए सपा को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ही संविधान और लोकतंत्र की रक्षा तथा पीडीए वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में सपा को मजबूत करने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।
उन्होंने अति पिछड़ी जातियों को राजनीतिक हिस्सेदारी दिए जाने का दावा करते हुए विश्वकर्मा, प्रजापति, नाई, साहू, तेरी-भुर्जी, चौरसिया, बिंद, निषाद, कश्यप, पाल, राजभर, चौहान, शाक्य, सैनी और लोधी समाज सहित अन्य वर्गों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकारों में इन वर्गों के लोगों को विधायक और मंत्री बनने का अवसर मिला।
अजगरा विधानसभा के कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने की, जबकि संचालन विधानसभा अध्यक्ष बाबूलाल यादव ने किया। वहीं कैंट विधानसभा के कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पूजा यादव ने की और संचालन जगदीश यादव ने किया।
कार्यक्रम में एमएलसी आशुतोष सिंह, पूर्व विधायक कैलाश नाथ सोनकर, संतोष यादव, सत्य प्रकाश सोनकर, माया शंकर यादव, जितेंद्र यादव, हरिशंकर विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में सपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।