बाबा कीनाराम जन्मोत्सव को लेकर चंदौली में हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने कसी कमर; 24 घंटे बिजली-पानी और चाक-चौबंद सुरक्षा के निर्देश।

10 से 12 सितंबर तक रामगढ़ में होगा भव्य आयोजन, एंबुलेंस से लेकर कंट्रोल रूम तक रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं; मेले में झूलों पर पूरी तरह रोक।

चंदौली, 9 सितंबर 2026। सकलडीहा तहसील के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम स्थल पर 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले बाबा कीनाराम जन्मोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, बिजली, पानी, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। रामगढ़ के मल्टीपरपज हॉल में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मेला परिसर में 24 घंटे लगातार सफाई, शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

एंबुलेंस, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र रहेंगे सक्रिय

मेला क्षेत्र में आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे। इसके साथ ही कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र भी सक्रिय रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की जाएगी।

मौसम और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस बार मेले में किसी भी प्रकार के झूले के संचालन पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था में चूक पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्धारित ड्यूटी पॉइंट पर पुलिस बल की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पारितोष मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार, विद्युत विभाग, नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *