
वाराणसी। महमूरगंज स्थित जगन्नाथ पुरी कॉलोनी में स्मार्ट सिटी योजना के तहत लगभग सात बिस्वा जमीन में बनने वाले पार्क का भूमि पूजन एवं नारियल फोड़कर शिलान्यास किया गया। विरदोपूर वार्ड की भाजपा सभासद सीमा वर्मा एवं सभासद प्रतिनिधि शिव वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सभासद सीमा वर्मा ने कॉलोनी के वृद्धजनों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। सभासद ने बताया कि पार्क के निर्माण का कार्य शुरू कराया जा चुका है और इसे करीब तीन माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पार्क में हरे-भरे पेड़-पौधे, फूल-पत्तियां, योग करने की सुविधा और बच्चों के खेलने के लिए स्थान विकसित किया जाएगा। पार्क बनने के बाद कॉलोनीवासियों को टहलने, योग और बच्चों को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
सीवर लाइन की समस्या भी उठी
कार्यक्रम के दौरान कॉलोनीवासियों ने क्षेत्र की सीवर व्यवस्था का मुद्दा भी सभासद के सामने रखा। लोगों ने बताया कि कॉलोनी में पहले आबादी कम होने के कारण पतली सीवर लाइन बिछाई गई थी, लेकिन अब आबादी काफी बढ़ गई है। ऐसे में सीवर लाइन की क्षमता बढ़ाने के लिए मोटे पाइप की आवश्यकता है।
सभासद सीमा वर्मा ने कॉलोनीवासियों को आश्वासन दिया कि सीवर लाइन की समस्या का भी जल्द समाधान कराया जाएगा और आवश्यकतानुसार पाइप लाइन को दुरुस्त कराया जाएगा।
सभासद प्रतिनिधि शिव वर्मा ने बताया कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत विरदोपूर वार्ड में कुल पांच पार्कों का निर्माण कराया जाना है। इसी क्रम में जगन्नाथ पुरी कॉलोनी में लगभग सात बिस्वा जमीन पर पार्क निर्माण का भूमि पूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर पार्क कॉलोनीवासियों को समर्पित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सत्य प्रकाश जायसवाल, कामेश्वर गुप्ता, आनंद केजरीवाल, मनीष कटारिया, राकेश रस्तोगी, अनिल रस्तोगी, कुणाल, भारत केजरीवाल, लाल रस्तोगी, रतन रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।