मुगलसराय क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, भाई की मौत – बहन की हालत नाजुक।

चंदौली जनपद के मुगलसराय क्षेत्र में शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। रौना गांव निवासी दिव्यांश तिवारी (उम्र 15 वर्ष) और उनकी बहन वैष्णवी तिवारी (उम्र 16 वर्ष), जो दसवीं कक्षा के छात्र-छात्रा थे, इंग्लिश का दूसरा पेपर देने के बाद स्कूल से घर लौट रहे थे।
दोनों भाई-बहन स्कूटी से सवार होकर घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (बताया जा रहा है कि वाहन बिहार नंबर का है) ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दिव्यांश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बहन वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।


घायल छात्रा को तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतक और घायल दोनों बच्चे रौना निवासी धीरज तिवारी के पुत्र-पुत्री बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुगलसराय पुलिस के साथ कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित किया गया। क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *