
पंपों की संख्या बढ़ाकर तत्काल कराएं जल निकासी, नाला व क्रॉस पुलिया निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं—जिलाधिकारी।

चन्दौली, 29 अगस्त 2026। जिले में हुई भारी बारिश के बाद कई स्थानों पर जलजमाव के कारण आमजन को आवागमन में हो रही परेशानियों की सूचना पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को विकास खंड नियामताबाद के अलीनगर वार्ड नंबर 9 का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड में जलभराव की गंभीर स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि वर्तमान में पंप लगाकर जल निकासी कराई जा रही है। हालांकि, जीटी रोड के नीचे से गुजरने वाली क्रॉस पुलिया और मुख्य नाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण वार्ड में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हुई है।
इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को तत्काल पंपों की संख्या बढ़ाकर जल निकासी तेज करने के निर्देश दिए। वहीं, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी राजेश कुमार को स्थायी समाधान के लिए क्षतिग्रस्त नाले और क्रॉस पुलिया का निर्माण कार्य अतिशीघ्र शुरू कराने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “नाला और पुलिया का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए। जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के कारण प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए और जहां भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो, वहां तत्काल आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।