

चन्दौली, 21 जून 2026। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने रविवार को नारायणपुर पम्प कैनाल पहुंचकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा किसानों की सिंचाई सुविधा को ध्यान में रखते हुए पम्प कैनाल की 6 मोटरों का संचालन शुरू कराया।
इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र की जनता और किसान भाइयों से 21 जून तक पम्प कैनाल चालू कराने का वादा किया था, जिसे आज पूरा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 6 मोटरें चालू कराई गई हैं और यदि इससे भी किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं का पूर्ण समाधान नहीं होता है तो आवश्यकता के अनुसार अन्य मोटरों को भी संचालित कराया जाएगा।
विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के किसानों और आमजन की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधानसभा क्षेत्र में जनहित से जुड़े विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए वह लगातार प्रयासरत रहेंगे और इसके लिए जहां भी जाना पड़े, पीछे नहीं हटेंगे।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया भी उपस्थित रहे और किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
स्थानीय किसानों ने पम्प कैनाल के संचालन शुरू होने पर खुशी जताते हुए विधायक एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इससे क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों को अपनी फसलों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।