
चन्दौली पुलिस ने अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी रंजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
वर्ष 2013 में मुगलसराय थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 354(क), 504, 506 भादवि एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा।
माननीय न्यायालय द्वारा वर्ष 2022 में उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पहले 25 हजार रुपये तथा बाद में 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र के निर्देशन में सक्रिय पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 20 जून 2026 को गोबरिया प्लांट डिपो क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले लगभग 13 वर्षों से हिमाचल प्रदेश में रहकर मजदूरी कर रहा था और मामला पुराना समझकर घर लौट आया था।
गिरफ्तार आरोपी रंजन सिंह पुत्र राजेश्वर सिंह निवासी गोबरिया, थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।