गो-तस्करी नेटवर्क में 187 करोड़ के लेन-देन की जांच के बीच 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, 2.5 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजैक्शन का खुलासा।

चन्दौली। जनपद पुलिस को संगठित गो-तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त अखिलेश कुमार (27) को बिहार के रोहतास जनपद स्थित उसके मोबाइल एवं हार्डवेयर की दुकान से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त अंतरराज्यीय गो-तस्करी नेटवर्क को आर्थिक सहायता पहुंचाने में शामिल था और उसके बैंक खातों से करीब 2.5 करोड़ रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन सामने आए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए अखिलेश कुमार पुत्र सुभाष सिंह, निवासी खुरमाबाद, थाना चेनारी, जिला रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध थाना सैयदराजा में दर्ज मुकदमा संख्या 308/2025 में धारा 109, 111(2) एवं 111(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 9 अक्टूबर 2025 को दर्ज इस मुकदमे की विवेचना में 31 सदस्यों के एक संगठित गो-तस्करी गिरोह का खुलासा हुआ था। जांच में अब तक गिरोह के बीच करीब 187 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है। विवेचना के दौरान 6 जनवरी 2026 को अखिलेश कुमार का नाम प्रकाश में आया।

जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने अपने बैंक खाते से लगभग 4.77 करोड़ रुपये का लेन-देन किया, जिसका कोई वैध दस्तावेज या व्यावसायिक आधार प्रस्तुत नहीं किया जा सका। पुलिस के मुताबिक उसके नाम पर कोई सीएससी सेंटर भी संचालित नहीं मिला। बैंक खातों के विश्लेषण में मोहम्मद अफजल, शेख सुल्तान, सोनू कुरैशी, पवन कुमार, अफजल समेत अन्य लोगों को लगभग 2.5 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन किए जाने की पुष्टि हुई, जिन्हें पुलिस गो-तस्करी नेटवर्क से जुड़ा मान रही है।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसके बैंक खाते के माध्यम से उक्त व्यक्तियों को धनराशि स्थानांतरित की जाती थी, जिसका उपयोग गो-तस्करी से जुड़े कार्यों में किया जाता था।

पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में वित्तीय लेन-देन, गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *