
वाराणसी। कुंआर बाजार क्षेत्र के निवासी मनीष सोनकर पुत्र राजकुमार सोनकर ने अपने परिवार के साथ हुई कथित मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी की घटनाओं को लेकर प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मनीष सोनकर के अनुसार, 24 जून की शाम करीब 7:30 बजे कुंआर बाजार स्थित पेट्रोल पंप के सामने उनकी मुर्गा-मटन की दुकान पर रजनीश सिंह के दोनों बेटे पहुंचे और लगभग 3 किलो मुर्गा-मटन खरीदा, जिसका बिल 995 रुपये हुआ। उनका आरोप है कि ग्राहकों ने 900 रुपये ही दिए। शेष 95 रुपये मांगने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद रजनीश सिंह, अवनीश सिंह तथा अन्य लोगों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोप के अनुसार, उसी रात काली माता मंदिर के पास स्थित उनके फल की दुकान पर तोड़फोड़ कर फल सड़क पर फेंक दिए गए। अगले दिन सुबह फिर कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और दुकान में तोड़फोड़ करते हुए गन्ने की मशीन क्षतिग्रस्त कर दी तथा आम से लदा ठेला पलट दिया।
मनीष सोनकर ने बताया कि इस घटना में उनके भाई विनोद सोनकर, जो भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष हैं, की दुकान को भी नुकसान पहुंचाया गया। उनका कहना है कि घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी गई तथा थाने में तहरीर भी दी गई, लेकिन अभी तक उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
पीड़ित परिवार ने कहा कि वह भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
नोट: यह प्रेस विज्ञप्ति पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके बयान पर आधारित है। मामले की जांच एवं आधिकारिक पुष्टि संबंधित पुलिस प्रशासन द्वारा की जानी शेष है।