चन्दौली: पुरानी रंजिश में तलवार-छूरे से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए धारदार हथियार।

समाचार आजकल।

चन्दौली। जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पखनपुरा (तकिया) में पुरानी रंजिश को लेकर हुई खूनी मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक तलवार और एक छूरा भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को ग्राम पखनपुरा (तकिया) निवासी तौहीद के पुत्र सरवरे आलम और विपक्षी पक्ष के जफीर अहमद, अब्दुलवारी तथा जिशान अहमद के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें धारदार हथियारों से हमला कर सरवरे आलम को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

मामले में थाना शहाबगंज पर मुकदमा संख्या 72/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 28 जून को गोपाई माइनर पर बने यात्री प्रतीक्षालय के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुलवारी (49 वर्ष) और जिशान आलम (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम पखनपुरा (तकिया), थाना शहाबगंज, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनकी सरवरे आलम और अब्दुल हकीम से पुरानी रंजिश थी। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक तलवार और एक छूरा बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजेन्द्र नाथ सिंह, हेड कांस्टेबल महेश प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल रविरंजन यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *