
जनसुनवाई, महिला सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर दिए सख्त निर्देश
चन्दौली। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने सोमवार को थाना बलुआ का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया। कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए इस निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं से लेकर अभिलेखों के रखरखाव तक की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केन्द्र, मालखाना, हवालात, मेस और बैरक की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर और त्योहार रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
फरियादियों की शिकायतों का हो त्वरित निस्तारण
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना परिसर में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनकी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति पर विशेष जोर
मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण करते हुए वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों को प्राप्त शिकायतों का नियमित फीडबैक लेने तथा पीड़ित महिलाओं को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी गश्त और चेकिंग
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने पर भी जोर दिया।
लंबित मामलों और वारंटियों पर कसेगा शिकंजा
एसपी ने विवेचनाओं का समय से निस्तारण करने, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मालखाने में निस्तारित मुकदमों से संबंधित माल के वैधानिक निस्तारण की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया।
‘यक्ष ऐप’ के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने यक्ष ऐप (YAKSH App) के प्रभावी और शत-प्रतिशत उपयोग पर विशेष जोर दिया। बीट पुलिसकर्मियों, हल्का प्रभारियों और थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि थाना क्षेत्र के सभी गांवों और मोहल्लों, महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों तथा सीसीटीवी कैमरों की सटीक जियो-टैगिंग सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा क्षेत्र के अपराधियों का भौतिक सत्यापन तत्काल पूरा करने के भी निर्देश दिए गए।
अनुशासन और बेहतर व्यवहार की हिदायत
एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान उच्च स्तर का अनुशासन बनाए रखने और आमजन के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने की सख्त हिदायत दी।
बलुआ थाने के आकस्मिक निरीक्षण के जरिए पुलिस अधीक्षक ने साफ संदेश दिया कि कानून व्यवस्था, जनसुनवाई और बेहतर पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।