समाचार आजकल।

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शाहकुटी चमरोटी वार्ड नंबर-2 में अज्ञात चोरों ने वरिष्ठ पत्रकार संत सिंह (राजन) के बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने मकान के अंदर रखी अलमारियों को खंगालते हुए नकदी, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत अन्य बहुमूल्य सामान चोरी कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार संत सिंह (राजन) का मकान शाहकुटी चमरोटी वार्ड नंबर-2 में स्थित है। मकान पिछले करीब एक महीने से बंद पड़ा हुआ था। बताया गया कि 31 अगस्त की रात लगभग 8 बजे मकान में चोरी होने की सूचना मिली। अगले दिन 1 सितंबर को जब परिजन मौके पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला सुरक्षित था, लेकिन अज्ञात चोरों ने खिड़की तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश किया था।
चोरों ने घर के कमरों को पूरी तरह खंगाल डाला और तीन बड़ी अटैचियां, जिनमें नए कीमती कपड़े रखे थे, बिजली के उपकरणों से भरे तीन कार्टन, पांच स्टेबलाइजर, महंगे स्टील के बर्तन, बैग में रखे कीमती सामान सहित अन्य बहुमूल्य घरेलू सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सभी सामानों की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना के संबंध में पीड़ित पत्रकार ने थाना मुगलसराय में लिखित प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अज्ञात चोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बंद मकान को निशाना बनाकर हुई इस बड़ी चोरी की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।