
भारी बारिश के अलर्ट के बीच चंदौली में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद करने का आदेश।
चंदौली, 01 सितम्बर 2026। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। आपदा प्रबंधन विभाग, चंदौली द्वारा जारी सूचना के अनुसार आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुरुआती 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
भारी बारिश और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए चंदौली जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के तहत परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा अन्य बोर्डों से संबद्ध कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधनों से आदेश का पालन करने की अपील की है।
जारी आंकड़ों के अनुसार अगस्त 2026 में उत्तर प्रदेश में सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। जहां अगस्त माह का दीर्घकालिक औसत 235.5 मिमी है, वहीं इस वर्ष कुल 291.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। यह इक्कीसवीं सदी में वर्ष 2018 के बाद अगस्त माह में दर्ज सबसे अधिक वर्षा बताई जा रही है।
इस दौरान प्रयागराज में 631.6 मिमी और बांदा में 646 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो वर्ष 1901 से अब तक अगस्त माह में दर्ज सर्वाधिक वर्षा है। यानी दोनों जिलों में करीब 125 वर्षों के बारिश के रिकॉर्ड टूट गए।
वर्तमान मौसमीय परिस्थितियों की बात करें तो उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र आगे बढ़ते हुए गांगेय पश्चिम बंगाल, उत्तरी तटीय ओडिशा और झारखंड के आसपास सक्रिय है। इसके साथ ही मानसूनी द्रोणी और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं।
मौसम प्रणालियों के सक्रिय रहने के कारण चंदौली समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश भी हो सकती है।
वहीं सितंबर 2026 के मासिक पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिणी-पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है, जबकि प्रदेश के अन्य दक्षिणी और मध्यवर्ती हिस्सों में वर्षा सामान्य के आसपास रह सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से कम मासिक वर्षा की संभावना जताई गई है। सितंबर के दौरान प्रदेश के औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान के भी सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।
राजधानी लखनऊ में भी मंगलवार शाम तेज बारिश देखने को मिली। शाम 5:30 बजे तक स्वचालित वर्षामापी केंद्रों के अनुसार चिनहट में 59 मिमी, अंबेडकर पार्क में 54 मिमी, राजभवन में 45.5 मिमी, बख्शी का तालाब में 36.5 मिमी, जनेश्वर मिश्र पार्क में 26.5 मिमी और काकोरी में 26 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
लगातार सक्रिय मानसून और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए चंदौली समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। वहीं चंदौली में स्कूल बंद करने का निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।