
प्रशासनिक सहायता और मुआवजा दिलाने का दिलाया भरोसा, APCO अधिकारियों से भी की वार्ता।
चंदौली। मुगलसराय क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के दौरान काली मंदिर हटाने के समय हुए हादसे में मृतक के परिजनों से मिलने थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ग्राम करवत पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता, मुआवजा तथा अन्य सरकारी लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पुलिस और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
इस दौरान विजय प्रताप सिंह ने सड़क चौड़ीकरण का कार्य कर रही APCO कंपनी के अधिकारियों से भी बातचीत कर पीड़ित परिवार को कंपनी की ओर से उचित मुआवजा दिलाने की पहल की।
उन्होंने कहा कि नियमानुसार मिलने वाली सभी सहायता समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके।
थाना प्रभारी की इस मानवीय और संवेदनशील पहल की क्षेत्रीय ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे पीड़ित परिवार के लिए राहत देने वाला कदम बताया।