
वाराणसी। हिंदू युवा वाहिनी, मिर्जापुर के प्रदेश अध्यक्ष राजा भैया सोमवार को वाराणसी पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से एक वीडियो को भ्रामक तरीके से सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है।
मीडिया से बातचीत में राजा भैया ने कहा कि सोशल मीडिया पर यह प्रचारित किया जा रहा है कि उनका अपहरण किया गया और उनसे जबरन माफी मंगवाई गई, जबकि यह पूरी तरह निराधार और भ्रामक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई और न ही उन पर किसी प्रकार का दबाव बनाया गया।
राजा भैया ने बिहार में हुई एक घटना के संदर्भ में भी सफाई दी। उन्होंने बताया कि पीड़ित की सहायता के उद्देश्य से उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक QR कोड जारी किया था, ताकि लोग स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि बाद में कुछ लोगों ने इसे अवैध वसूली बताकर विवाद खड़ा कर दिया, जिसके बाद उन्होंने स्वयं उस QR कोड को बंद कर दिया। उनका कहना था कि उनका उद्देश्य केवल जरूरतमंद की मदद करना था, किसी प्रकार की अवैध वसूली करना नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर उनकी और संगठन की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने और झूठी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
राजा भैया ने लोगों से अपील की कि बिना सत्यता की जांच किए किसी भी वीडियो या सूचना पर विश्वास न करें और केवल प्रमाणित जानकारी को ही साझा करें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएगा।