मनीष सिंह हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन आज, न्याय की मांग को लेकर सौंपा जाएगा ज्ञापन।

वाराणसी। घमहापुर क्षेत्र में 26 अप्रैल 2026 को हुई मनीष सिंह की नृशंस हत्या के विरोध में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा एवं अन्य संगठनों द्वारा आज व्यापक प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में संगठन की ओर से एक मांग पत्र भी तैयार किया गया है, जिसमें पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि उक्त मामले में 8 लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज की गई है, इसके बावजूद पीड़ित परिवार को अभी तक न्याय नहीं मिल सका है। मृतक मनीष सिंह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, बुजुर्ग दादी, दो छोटी बेटियां एवं एक 6 माह का पुत्र है, जिससे परिवार के सामने गंभीर आर्थिक एवं सामाजिक संकट उत्पन्न हो गया है।

संगठन द्वारा प्रशासन के समक्ष प्रमुख मांगें रखी गई हैं, जिनमें मृतक के परिजनों को 2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता एवं पत्नी को सरकारी नौकरी प्रदान करना शामिल है। इसके अतिरिक्त आरोपियों के अवैध रूप से निर्मित भवनों की जांच कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग भी की गई है। साथ ही मृतक की पत्नी को आत्मरक्षा हेतु शस्त्र लाइसेंस प्रदान करने की भी मांग उठाई गई है।

संगठन का कहना है कि पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। इस घटना को मानवता को झकझोर देने वाला बताते हुए संगठन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुँवर अवनीश सिंह के नेतृत्व में यह प्रदर्शन आशापुर से सारनाथ चौराहे तक आयोजित किया जाएगा, जो सायं 4:30 बजे प्रारंभ होगा। संगठन की ओर से आमजन एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे व्यापक रूप से प्रकाशित करने की अपील की गई है।

प्रेस नोट जारीकर्ता
शैलेंद्र प्रताप सिंह
प्रदेश संगठन मंत्री
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *