
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 15 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) पियूष मोर्डिया का तबादला कर उन्हें पुलिस आयुक्त, प्रयागराज कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है। वहीं अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) नवीन अरोड़ा को वाराणसी जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) बनाया गया है।
पियूष मोर्डिया ने वाराणसी जोन में अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील मामलों की प्रभावी निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब वे प्रयागराज कमिश्नरेट की कमान संभालेंगे, जहां उनके सामने कानून-व्यवस्था और आगामी प्रशासनिक चुनौतियों को लेकर अहम जिम्मेदारी होगी।
वहीं 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी नवीन अरोड़ा को वाराणसी जोन का नया ADG नियुक्त किया गया है। उनसे वाराणसी सहित जोन के सभी जिलों में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की अपेक्षा की जा रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार का यह तबादला आदेश प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।