
वाराणसी, 18 जुलाई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचीं। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री के प्रथम काशी आगमन को लेकर एयरपोर्ट परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। गाजे-बाजे, जयघोष और पारंपरिक अंदाज में उनका अभिनंदन किया गया।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल और महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान आयुष जायसवाल, शैलेष पांडेय, उत्तम ओझा, विपिन सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

“बाबा काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने आई हूं” – रेखा गुप्ता
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वह बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन और दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना लेकर काशी आई हैं। उन्होंने कहा कि बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद सभी देशवासियों पर बना रहे और भारत निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
महिला मोर्चा ने त्रिशूल भेंट कर किया सम्मान
भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का पारंपरिक स्वागत किया। इस दौरान उन्हें त्रिशूल भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वागत में अपराजिता सोनकर, कुसुम पटेल, आयुषी श्रीमाली, विनीता सिंह, सुनीता सिंह, सुरेखा सिंह, पूजा दीक्षित और पूजा पांडेय सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

एयरपोर्ट के बाहर भी हुआ जोरदार अभिनंदन
एयरपोर्ट के बाहर भाजपा महिला मोर्चा वाराणसी जिला की अध्यक्ष विनीता सिंह के नेतृत्व में भी मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर किरण मिश्रा, ममता राय, डॉ. आहुति सिंह, सोनिया जैन, सविता सिंह, सुधा रानी, स्वाती मिश्रा, स्नेहा श्रीवास्तव सहित कई महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का यह दौरा धार्मिक आस्था और संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके कार्यक्रम के दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी जाने की संभावना है।