भगवान परशुराम प्राकट्य दिवस पर बरेका में निकली भव्य शोभायात्रा, सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

भगवान परशुराम प्राकट्य दिवस पर बरेका में निकली भव्य शोभायात्रा, सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता
वाराणसी, 19 अप्रैल 2026 (रविवार):
आज प्रातः 8:00 बजे आरपीएफ बैरक, बरेका स्थित शिव मंदिर से शिव काली मंदिर (बरेका पुलिस चौकी के पास) तक भगवान परशुराम प्राकट्य दिवस के अवसर पर भगवान श्री परशुराम सेवा समिति, बरेका, वाराणसी द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
यह शोभायात्रा धर्म, न्याय, समानता एवं समाजवाद के प्रतीक भगवान श्री परशुराम को समर्पित रही, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पैदल एवं वाहनों के माध्यम से शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालु “जय श्री परशुराम” के गगनभेदी जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ धर्म संघ शिक्षा मंडल के महामंत्री श्री जगजीतन पांडेय जी द्वारा भगवान श्री परशुराम का विधिवत पूजन-अर्चन कर, डमरू वादन एवं मंगलाचरण के मध्य नारियल फोड़कर किया गया। डमरू वादन और उत्साहपूर्ण जयघोषों ने लोगों का विशेष आकर्षण केंद्र बनाया।
शोभायात्रा बरेका परिसर में भ्रमण करते हुए शिव काली मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। समापन अवसर पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में भगवान श्री परशुराम के जीवन, आदर्शों एवं उनके द्वारा स्थापित धर्म और न्याय की परंपरा पर प्रकाश डाला। साथ ही बरेका परिसर स्थित शिव काली मंदिर में भगवान श्री परशुराम की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
इस अवसर पर ब्रह्मर्षि शोध पीठ चित्रकूट के पीठाधीश्वर पूज्य जय जी महाराज, पूर्व विधायक रोहनिया सुरेंद्र सिंह ओढ़े, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राम प्रकाश दूबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों एवं समिति के सदस्यों ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।
इस भव्य शोभायात्रा का नेतृत्व श्री बी.डी. दुबे ने किया, संचालन श्री राकेश पाण्डेय द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन श्री अरविंद प्रधान ने प्रस्तुत किया।
प्रेषक:
राकेश पाण्डेय
भगवान श्री परशुराम सेवा समिति
बरेका, वाराणसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *