
चंदौली, 13 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद चंदौली में चल रहे सात दिवसीय विशेष जनसंपर्क एवं स्वच्छता अभियान के तहत शनिवार को जिले की सभी 457 ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्ति अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मलिन बस्तियों की साफ-सफाई के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक के संग्रहण पर विशेष जोर दिया गया।
सुबह से ही ग्राम पंचायतों में स्वच्छता कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों ने श्रमदान कर गलियों, सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। अभियान में कुल 1206 कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 335 महिला एवं 871 पुरुष कर्मी शामिल रहे।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए अभियान के दौरान 764 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक एवं अन्य प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया। एकत्रित प्लास्टिक कचरे को सुरक्षित निस्तारण के लिए भेजा गया, जिससे पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल एक सप्ताह तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की।
गौरतलब है कि 08 जून से 14 जून तक चल रहे इस विशेष अभियान का समापन 14 जून को होगा। अंतिम दिन भी जनजागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को और अधिक जागरूक किया जा सके।