वाराणसी।राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने सुनी महिलाओं की समस्याएं, जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।

जनसुनवाई में आए 28 प्रकरण

महिला जनसुनवाई के दौरान कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद के मामले सबसे अधिक रहे। इसके अलावा महिला उत्पीड़न, नौकरी दिलाने के नाम पर धनराशि लेने, मकान पर अवैध कब्जा तथा उपचार संबंधी शिकायतें भी सामने आईं।

योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

राज्य महिला आयोग की सदस्य ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए गांव और वार्ड स्तर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

उन्होंने उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों को भी विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र सहित महिला कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *