वाराणसी।मोहर्रम को लेकर वाराणसी में पीस कमेटी की बैठक, पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने दिए अहम निर्देश।

वाराणसी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में ताजियादारों, धर्मगुरुओं एवं शहर के संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और परंपरागत व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

ताजियों के लिए समिति गठन और जवाबदेही तय।

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक ताजिये के लिए उत्तरदायी समिति का गठन किया जाए तथा उसकी पूर्ण जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। ताजियों का आकार एवं ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अराजकता या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में संबंधित आयोजकों को जिम्मेदार माना जाएगा।

परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएंगे जुलूस।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी और ताजिया जुलूस केवल पूर्व निर्धारित एवं परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएंगे। आयोजकों को जुलूसों में सहयोग के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी।

मोहर्रम के दौरान निकलने वाले सभी ताजिया जुलूसों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। साथ ही ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और जुलूसों के साथ सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस की विशेष तैनाती की जाएगी।

भड़काऊ नारे और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जुलूसों में भड़काऊ नारे, अस्त्र-शस्त्र या किसी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उत्तेजक या भड़काऊ गीत बजाने पर भी रोक रहेगी तथा डीजे संचालकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की लगातार निगरानी की जा रही है। अफवाह, भ्रामक सूचना, शस्त्र प्रदर्शन, करतबबाजी या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील।

बैठक में सभी समुदायों से आपसी भाईचारा, सहिष्णुता और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासन ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा सहित नगर निगम, जल संस्थान, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *