
चंदौली। मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक रमेश जायसवाल ने बुधवार को सिंधी ताली फेस-1 में लगभग 6 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन 10 एमबीए क्षमता के विद्युत उपकेंद्र का संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि इससे पूर्व उनके प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा मढ़िया में भी 10 एमबीए क्षमता का विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराया गया है। उन्होंने कहा कि नए विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं में कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर विद्युत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है।
इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारी, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।