
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस।
हजारों लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प
वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में विभिन्न स्थानों पर भव्य योग शिविरों का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों, प्रशिक्षुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया।
अधिकारी क्लब में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत को पौधा भेंट कर सम्मानित किए जाने के साथ हुआ। इसके पश्चात महाप्रबंधक ने योग गुरु श्री संजय कुमार शर्मा को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक “वंदे मातरम्” गायन से हुई।
इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने माननीय प्रधानमंत्री के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संदेश का सजीव प्रसारण देखा। तत्पश्चात योग गुरु श्री संजय कुमार शर्मा के निर्देशन में महाप्रबंधक, विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं उनके परिवारजनों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
योगाभ्यास के उपरांत महाप्रबंधक ने योग गुरु को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इसी क्रम में प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में प्राचार्य श्री सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व एवं योग गुरु डॉ. आनंद कुमार कर्ण के मार्गदर्शन में योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें प्रशिक्षुओं, कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं कर्मचारी क्लब में वरिष्ठ तकनीशियन (विद्युत) एवं योग प्रशिक्षक श्री सरोज कुमार सिंह के निर्देशन में कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने योगाभ्यास कर नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
बरेका के विभिन्न परिसरों में आयोजित योग शिविरों में व्यापक जनसहभागिता देखने को मिली। योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का संदेश देते हुए प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) श्री समीर पॉल ने किया।
राजेश कुमार
जनसंपर्क अधिकारी
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी