नियामताबाद में नारी शक्ति संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन.।

समाचार आजकल।

नियामताबाद। महिलाओं को ऊर्जा संरक्षण एवं संसाधनों के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को मुगलसराय के चकिया मोड़ स्थित एक रेस्टोरेंट में नारी शक्ति संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता करते हुए गैस, तेल एवं खाद्य संसाधनों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने कहा कि ईंधन संरक्षण वर्तमान समय की राष्ट्रीय आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं से सप्ताह में कम से कम दो दिन बिना ईंधन के भोजन तैयार करने का आह्वान किया। इसके लिए फल, सलाद, अंकुरित अनाज तथा कच्ची सब्जियों के उपयोग का सुझाव देते हुए कहा कि इससे गैस और ईंधन की बचत के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त होगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशहित में किए जा रहे विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाना समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है। साथ ही महिलाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. गीता रानी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार नारी शक्ति को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में ईंधन संरक्षण, खाद्य संसाधनों के समुचित उपयोग, घरेलू स्तर पर अपव्यय रोकने तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से बड़े स्तर पर ऊर्जा की बचत संभव है और इस दिशा में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर सभासद निधि तिवारी, सपना, ज्योति जायसवाल, अजय केसरी, राजकुमार जायसवाल, मीना, मालती देवी, सरिता देवी, सलोनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका तिवारी ने किया तथा अध्यक्षता मालती गुप्ता ने की। अंत में डॉ. गीता रानी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *