
वाराणसी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, वाराणसी के वरिष्ठ शिक्षक नेता सनत कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों के लिए शुरू की गई “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना” का स्वागत करते हुए इसे शिक्षक हित में एक संवेदनशील और दूरदर्शी निर्णय बताया है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से शिक्षक समाज आकस्मिक और गंभीर बीमारी की स्थिति में कैशलेस चिकित्सा सुविधा से वंचित रहा है। ऐसे समय में राज्य सरकार द्वारा लागू की गई यह योजना शिक्षकों और कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा तथा कल्याण के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जिला संयोजक कैलाश नाथ यादव सहित शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और समस्त शिक्षकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस जनकल्याणकारी योजना से शिक्षक समुदाय में विश्वास, सुरक्षा और संतोष की भावना और मजबूत हुई है।
साथ ही सनत कुमार सिंह ने सरकार से मांग की कि टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने के लिए भी समुचित पहल की जाए, ताकि लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की इस मांग का समाधान हो सके।